What's New What's New

Press Statement of H.E. Sushma Swaraj, Hon'ble External Affairs Minister of India during her visit to Morocco from 17-18 February 2019

मोरक्को की यात्रा के दौरान विदेश मंत्री का प्रेस वक्तव्य (फरवरी 18, 2019)

फरवरी 18, 2019

मोरक्कोकेविदेशमंत्रीमहामहिमनासिरबोरीताऔरमीडियाकेमित्रों

नमस्कार।

आपके सुंदर देश मोरक्को में आकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। मेरे और मेरे प्रतिनिधिमंडल के हार्दिक स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए मैं महाराजधिराज मोहम्मद -6 और मोरक्को की सरकार के प्रति बहुत आभार व्यक्त करती हूँ। भारत और मोरक्को के बीच इब्न बतूता के समय से ही ऐतिहासिक संबंध रहे हैं।

समय के साथ-साथ विशेषकर, अक्तूबर 2015 में भारत-अफ्रीका फोरम की तीसरी शिखर वार्ता में भाग लेने के लिए मोरक्को के महाराजाधिराज के भारत आगमन के बाद से, हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और अधिक घनिष्ठ हुए हैं।

तब से लेकर आज तक दोनों देशों के बीच मंत्री स्तर की 20 यात्राओं का आदान-प्रदान हो चुका है। इन यात्राओं के दौरान दोनों देशों के बीच 37 समझौता ज्ञापन और समझौते भी हुए हैं।

मुझे प्रसन्नता है कि आज हमारे संबंधों का विस्तार विभिन्न रणनीतिक क्षेत्रों- जैसे सूचना प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, साइबर सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रत्यर्पण आदि तक हो चुका है। व्यावसायिक वीज़ा जारी करने के नियमों को आसान बनाने के लिए तथा, आतंकरोध, आवास और मानव अवस्थापन एवं युवा मामलों के क्षेत्रों में हमने आज इन चार अन्य समझौता ज्ञापनों को अंतिम रूप दिया है।

भारत कई दशकों से सीमापार आतंकवाद का शिकार रहा है। इसलिए आज हमारे मित्र देश मोरक्को के साथ आतंकरोधी (counter terrorism) के विषय पर हुआ समझौता हमारे लिए बहुत अहमियत रखता है।

भारत, मोरक्को के साथ अपनी बहुपक्षीय भागीदारी को बहुत महत्व देता है। हमारे बीच द्विपक्षीय कारोबार यह बताता है कि दोनों देशों के बीच व्यापार वृद्धि की अपार संभावनाएं हैं। इसी का परिणाम है कि हमारा द्विपक्षीय व्यापार अक्तूबर, 2018 में बढ़कर डेढ़ बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया है।

महाराजाधिराज मोहम्मद-6 की पहल पर मोरक्को सरकार द्वारा समाज के कमजोर तबकों के लिए बड़े स्तर पर शुरु की गईं सामाजिक और विकासात्मक परियोजनाओं की मैं हृदय से सराहना करती हूँ। भारत, सामाजिक-आर्थिक क्षेत्रों में अपनी विभिन्न पहलों को मोरक्को के साथ साझा करने के लिए उत्सुक है।

विभिन्न क्षेत्रों में हम अपने संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी की ओर से इस संबंध में हमारी प्रतिबद्धता को प्रकट करने के लिए, मैं मोरक्को के महाराजाधिराज के लिए उनका संदेश लाई हूँ।

मेरे और मोरक्को के विदेश मंत्री महामहिम नासिर बोरीता के बीच हुई बातचीत बहुत सफल और उपयोगी रही। अपनी बातचीत के दौरान हमने न केवल दोनों देशों के बीच वर्तमान द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग की समीक्षा की, बल्कि इस वार्ता के माध्यम से हमने भविष्य में हमारे बीच सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार किया।

भारत के लोगों में, मोरक्को के लोगों के प्रति बहुत सद् भावना और विश्वास है। मोरक्को सरकार के साथ शांति और समृद्धि के मार्ग पर चलने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता में भी यह झलकता है।

कल शाम मैं यहां भारतीय समुदाय के लोगों से मिली थी, जो मोरक्को राजशाही में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाओं और निवेश से व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। मोरक्को द्वारा उनको प्रदान किए गए मज़बूत सहयोग और प्रोत्साहन के बारे में जानकर मुझे बहुत प्रसन्नता हुई, क्योंकि वो मोरक्को तथा भारत के अच्छे संबंधों के लिए एक सेतु का काम कर रहे हैं।

एक बार पुनः मैं अपने समकक्षी मोरक्को के विदेश मंत्री श्री नासिर बोरिता को बहुत सफल बैठक के लिए बधाई और धन्यवाद देती हूँ।

धन्यवाद

*****

Go to Navigation